बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया और शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए चकरभाठा पुलिस ने संबंधित वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच रायपुर-बिलासपुर मार्ग स्थित हिर्री माइंस के पास एक क्रेटा कार (CG 10 BE 4400) में सवार युवक चलती गाड़ी की सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट कर रहा था। इस दौरान वाहन तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाया जा रहा था, जिससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई।

मामले की सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाने लाया। जांच में वाहन चालक की पहचान प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड, महुआ होटल के पास, बिलासपुर के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि उसके वाहन से यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ है। इसके बाद पुलिस ने क्रेटा वाहन को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी से बचें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं और अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।