बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने ग्राम सेवार और ग्राम सारधा में हुए 37 नग बकरा-बकरी चोरी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवार और ग्राम सारधा से अज्ञात चोरों द्वारा कुल 37 नग बकरा-बकरी चोरी कर लिए गए थे। चोरी गए मवेशियों में 16 नग बकरा, 15 नग बकरी और 6 नग पट्ठी शामिल थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 77 हजार रुपए बताई गई है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों—हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष)—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। दोनों आरोपी चिल्हाटी क्षेत्र के निवासी हैं।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी किए गए बकरा-बकरी को खरीदकर दुकान में काटकर बिक्री करने का काम रहीस उर्फ टीर्रू उर्फ मुंडा खान (25 वर्ष) द्वारा किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 10 नग बकरा-बकरी खरीदकर अपनी दुकान में काटकर बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बकरा-बकरी काटने के औजार, तराजू, बिक्री की रकम तथा वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 63 हजार रुपए आंकी गई है।
थाना चकरभाठा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
37 बकरा-बकरी चोरी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई
By S BHARAT NEWS
-