बिलासपुर, 24 अप्रैल 2026।
शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और कोर्ट द्वारा नियुक्त स्पेशल रिसीवर की टीम ने महादेव जनरल स्टोर्स के गोदामों पर छापेमारी की। इस दौरान नामी ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे बड़ी मात्रा में नकली सर्फ एक्सेल पाउडर और रेड लेबल चायपत्ती जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, Hindustan Unilever द्वारा Bombay High Court में दायर याचिका के बाद अदालत ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। इसके तहत नियुक्त एडिशनल स्पेशल रिसीवर एच.एन. जोशी ने पुलिस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए व्यापार विहार स्थित जोन-2 की दुकान नंबर 17 और भगत सिंह कॉम्प्लेक्स जोन-1 के गोदामों में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान महादेव जनरल स्टोर्स के संचालक रवि मंगलानी मौके पर मौजूद थे। जांच में पाया गया कि नामी कंपनियों के रैपर में नकली उत्पाद पैक कर बाजार में बेचे जा रहे थे। गोदाम से सर्फ एक्सेल के 80 ग्राम के कुल 5,280 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 5 गनी बैग में 4,800 पैकेट और अलग से 480 पैकेट शामिल थे। इसके अलावा रेड लेबल चाय के 1 किलो वाले 80 पैकेट भी जब्त किए गए।
जब्त किए गए सभी उत्पादों को नियमानुसार सील कर कंपनी के प्रतिनिधियों को सुपुर्द कर दिया गया है। एडिशनल स्पेशल रिसीवर ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि यह कार्रवाई 24 नवंबर 2025 से 17 मार्च 2026 के बीच पारित विभिन्न न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में की गई है।
मामले की अगली सुनवाई Bombay High Court में 8 मई 2026 को निर्धारित है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार के नकली उत्पाद न केवल उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
व्यापार विहार में नकली उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई, सर्फ एक्सेल और रेड लेबल चायपत्ती जब्त
By S BHARAT NEWS
-