
बिलासपुर। रतनपुर में एक मकान पर पुलिस की रेड कार्रवाई के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि पप्पू निर्मलकर के मकान में कुछ व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्रित होकर आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान राकेश लोनिया, रवि कुमार प्रजापति, प्रतीक सिंह ठाकुर, अर्जुन कुम्हार, राजकुमार प्रजापति और अजय दुबे मौके पर मिले। इनमें से अजय दुबे फरार हो गया, जबकि शेष 5 व्यक्तियों के खिलाफ पृथक-पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में आए लोगों में राकेश लोनिया (38), निवासी गांधीनगर रतनपुर; रवि कुमार प्रजापति (28), निवासी महामायापारा रतनपुर; प्रतीक सिंह ठाकुर (40), निवासी भेड़ीमुड़ा रतनपुर; अर्जुन कुम्हार (36), निवासी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा और राजकुमार प्रजापति (34), निवासी हरदीबाजार, जिला कोरबा शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।