बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नकदी समेत करीब ₹2.14 लाख का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह घर में अकेले सो रहे थे। सुबह उठने पर घर का दरवाजा खुला मिला। घर में रखी पेटी की जांच करने पर 1 जोड़ी चांदी का लच्छा, ब्रेसलेट, चांदी की चेन, चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, फुल्ली, टॉप्स और करीब 10-12 साड़ियां गायब मिलीं। चोरी गए सामान की कीमत करीब ₹1.60 लाख बताई गई।
इसी रात सदगुरु कबीर आश्रम में भी चोरी हुई। आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र, जिसकी कीमत करीब ₹80 हजार बताई गई, चोरी कर लिया गया।
दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद रतनपुर थाना प्रभारी ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि 2 व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को कम कीमत में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामकुमार केंवट (35), निवासी ढोलपारा करैहापारा और जोतराम केंवट (28), निवासी खाल्हेपारा करैहापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने बलराम बरगाह के घर और सदगुरु कबीर आश्रम में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और नकदी बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर और आकाश डोंगरे की विशेष भूमिका रही।