बिल्हा-निपनिया मार्ग पर हादसा, बाइक सवार भी घायल; चालक गिरफ्तार, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

बिल्हा। बिल्हा-निपनिया मार्ग पर महावीर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार हाईवा ने रॉन्ग साइड में जाकर स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार मोहम्मद इरफान कुरैशी (33) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद वह स्कूटी समेत हाईवा के नीचे फंस गए। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उन्हें करीब 30 फीट तक घसीट दिया। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। बिल्हा पुलिस ने हाईवा चालक रामशरण श्रीवास को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बिल्हा के आमापारा निवासी मोहम्मद इरफान कुरैशी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान निपनिया-केशला स्थित महावीर पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रहे हाईवा क्रमांक CG 10 BH 7085 के चालक ने वाहन रॉन्ग साइड में घुसा दिया और उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद इरफान स्कूटी समेत हाईवा के नीचे फंस गए। इसी दौरान हाईवा ने सामने से आ रही बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से बाइक सवार दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।

स्कूटी को घसीटते हुए बाइक को भी मारी टक्कर

महावीर पेट्रोल पंप के ऑपरेटर दुर्गा प्रसाद राजपूत ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वे ड्यूटी पर थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में लहराते हुए एक हाईवा आया और सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी हाईवा के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 30 फीट तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद हाईवा ने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, लेकिन तब तक चालक वाहन छोड़कर भाग चुका था।

10 महीने में सड़क हादसों में 4 मौतें

बिल्हा क्षेत्र में बीते 10 महीनों के दौरान सड़क हादसों में यह चौथी मौत बताई जा रही है। इस अवधि में क्षेत्र में 10 से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई, वहां से रोजाना 300 से अधिक वाहन गुजरते हैं। यह सड़क क्रेशर प्लांट, राइस मिल सहित आसपास के औद्योगिक संस्थानों और रेलवे साइडिंग को जोड़ती है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर पहले भी छोटे-बड़े हादसे होते रहे हैं।

रॉन्ग साइड में घुसने से हुआ हादसा

बिल्हा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह हाईवा का रॉन्ग साइड में जाना सामने आया है। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन का स्टेयरिंग घुमाया, जिससे बाइक सवार भी उसकी चपेट में आ गया। जांच में हाईवा शिवम मोटर्स का पाया गया है। चालक रामशरण श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में चालक ने स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में बाइक से टकराने की बात कही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ दूसरे की जान जोखिम में डालने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।