बिलासपुर। नेहरू चौक के आगे जस्टिस बंगले के पास 4 अक्टूबर की देर रात तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक भरत साहू (28) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी हर्ष और स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जांच में बाइक चालक के गलत दिशा में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आने पर पुलिस ने मृतक के खिलाफ ही गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
रतनपुर निवासी भरत साहू, जो वर्तमान में लिंगियाडीह सरकंडा में रह रहा था, 4 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे बाइक से जा रहा था। पुलिस के अनुसार, भरत तेज रफ्तार से गलत दिशा में बाइक चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी क्रमांक CG 10 BF 8895 से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में भरत, उसका साथी हर्ष और स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और साथी भरत को इलाज के लिए सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिम्स चौकी से मिले अस्पताल मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण, शव पंचनामा और सीसीटीवी फुटेज की जांच में हादसे के लिए बाइक चालक की गलती सामने आई।
जांच के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मृत बाइक चालक भरत साहू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।