जिले के 150 पंजीकृत वेंडरों को प्रचार की जिम्मेदारी, 2 किलोवाट के सोलर पैनल लगवाने पर विशेष जोर

बिलासपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए बिजली विभाग ने प्रचार-प्रसार की नई पहल की है। इसके तहत जिले के करीब 150 पंजीकृत वेंडर हर दिन 100-100 उपभोक्ताओं को फोन कर योजना की जानकारी देंगे। इस तरह प्रतिदिन करीब 15 हजार उपभोक्ताओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग का जोर घरों में सोलर पैनल लगवाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने पर है।

विभाग ने वेंडरों को जिले के उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए हैं। उन्हें प्रतिदिन कम से कम 100 लोगों से संपर्क कर योजना के लाभ, सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया और इससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार खास तौर पर 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगवाने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।

सोलर पैनल लगवाने पर मिलेगा बिजली बिल में फायदा

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ता अपनी छत पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं। इससे सौर ऊर्जा के उपयोग के जरिए बिजली बिल में बचत की जा सकती है। योजना के तहत निर्धारित पात्रता और नियमों के अनुसार सब्सिडी का लाभ भी मिलता है। बिजली विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित कर योजना के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना है।

आज लखीराम ऑडिटोरियम में कार्यक्रम

योजना के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए शुक्रवार को लखीराम ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देकर सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े के अनुसार, योजना की जानकारी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए पंजीकृत वेंडरों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत प्रतिदिन करीब 15 हजार उपभोक्ताओं से संपर्क करने का लक्ष्य रखा गया है।