
बिलासपुर। रक्षाबंधन से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने शहर की 7 मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई व लड्डू के सैंपल लिए। वहीं शिकायत के आधार पर मसानगंज आजाद नगर स्थित राज जलपान गृह का निरीक्षण किया गया। यहां गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में समोसा सहित अन्य खाद्य सामग्री तैयार किए जाने पर होटल को सुधार होने तक बंद करा दिया गया।
विभाग पिछले 8 दिनों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चला रहा है। इस दौरान होटल, मिठाई दुकान और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से अब तक 26 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार अभी किसी भी सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत पर होटल कराया बंद
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को राज जलपान गृह के संबंध में शिकायत मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो समोसा और अन्य खाद्य सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही थी। होटल में साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। इसके बाद विभाग ने होटल को आवश्यक सुधार होने तक बंद करा दिया।