सिम्स में फूफा कहकर छुए पैर, ब्लड दिलाने के नाम पर 11,200 रुपए ठगे


बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में रिश्तेदार बनकर पहुंचे एक ठग ने वृद्ध मरीज के परिजनों को भरोसे में लेकर 11,200 रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने पहले वृद्ध को फूफा कहकर पैर छुए और फिर ब्लड का इंतजाम कराने के नाम पर नकद 1,200 रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद फोन पर जरूरी बात करने का बहाना बनाकर दामाद का मोबाइल लिया और गायब हो गया। कुछ देर बाद पीड़ित के बैंक खाते से 10 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया।

मामला वार्ड-4 का है। यहां रहने वाली रुखमिन कैवर्त (55) पैर में चोट लगने के कारण सिम्स में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने उनके इलाज के लिए 3 यूनिट ब्लड की जरूरत बताई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा। उसने रुखमिन के पति बहोरन को फूफा कहकर संबोधित किया और उनके पैर छूकर खुद को रिश्तेदार जैसा जताया।

इसके बाद युवक ने ब्लड का इंतजाम कराने का भरोसा दिलाया। इस बहाने उसने बहोरन से 500 रुपए और उनके दामाद से 700 रुपए ले लिए। कुछ देर बाद उसने जरूरी कॉल करने की बात कहकर दामाद का मोबाइल मांगा और मौका मिलते ही वहां से फरार हो गया।

आरोपी के जाने के कुछ समय बाद बैंक खाते से 10 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। तब परिजनों को ठगी का पता चला। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बनाकर ठगी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।