
बिलासपुर। राज्य शासन ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए ऋचा मिश्रा को बिलासपुर का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) नियुक्त किया है। वे अब तक नारायणपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 16वीं वाहिनी में सेनानी के पद पर कार्यरत थीं। शासन के 30 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक बिलासपुर में पदस्थ किया गया है।
ऋचा मिश्रा (डीडी-2007) के सामने अब शहर की यातायात व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी होगी। बिलासपुर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव, ट्रैफिक जाम और सड़क सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के बीच उनकी नई पदस्थापना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शहर की यातायात व्यवस्था के संचालन और नियंत्रण से जुड़े कार्य अब उनके जिम्मे होंगे।
ऋचा मिश्रा की पदस्थापना के साथ ही बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर कार्यरत रामगोपाल करियारे का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।