
जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों ने चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर मोर्चा संभालते हुए यात्रियों और संदिग्ध सामान की जांच की। विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों के साथ ही लावारिस सामान पर भी नजर रख रहे हैं।
चेकिंग के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हथियारों को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रेलवे परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
लावारिस सामान को न छुएं
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें। रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस बैग अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं और तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना दें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति हथियार रखना या उनका परिवहन करना कानूनन अपराध है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार का हथियार लेकर ट्रेन में यात्रा न करें और सुरक्षा जांच में पुलिस का सहयोग करें।