बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने रेलवे स्टेशन सुलभ के पास राहगीरों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को तोरवा पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन स्थित सुलभ के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विकास वैष्णव (19 वर्ष), निवासी अशोक नगर, मूरूमखदान, सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 451/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने तथा लोगों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।