बिलासपुर मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों सहित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में लगाए जाएंगे विशेष शिविर 


बिलासपुर – 30 अक्टूबर 2026


रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में भारतीय रेलवे द्वारा रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 01 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनरों को सरल एवं सुविधाजनक तरीके से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना है।


इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन के मार्गदर्शन में बिलासपुर मंडल द्वारा 03 से 25 नवम्बर 2026 तक मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पेंशन अनुभाग में सभी कार्यालयीन दिवसों में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।


 विशेष शिविरों का स्थान एवं निर्धारित तिथियां 


03 नवम्बर 2026 को अनूपपुर स्टेशन के वीआईपी रूम में, 04 नवम्बर 2026 को पेंड्रारोड स्टेशन के वीआईपी रूम में, 11 नवम्बर 2026 को सीएसएम ऑफिस ब्रजराज नगर में , 12 नवम्बर 2026 को कम्युनिटी हॉल, रायगढ़ स्टेशन में, 13 नवम्बर 2026 को चांपा स्टेशन के वीआईपी रूम में, 18 नवम्बर 2026 को करंजी स्टेशन के वेटिंग हॉल में, 19 नवम्बर 2026 को एनईआई, कोरबा स्टेशन में, 20 नवम्बर 2026 को सेक्शन पास कार्यालय, मनेन्द्रगढ़ स्टेशन में, 23 नवम्बर 2026 को सीएचआई कार्यालय, उमरिया स्टेशन में एवं 25 नवम्बर 2026 को सेक्शन पास कार्यालय, शहडोल स्टेशन में आयोजित होगा | 


इस अभियान के माध्यम से रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों को अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी एवं दूरस्थ कार्यालयों तक आने-जाने से राहत मिलेगी।


मंडल रेल प्रशासन सभी रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों से अपील करता है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की इस सुविधा का लाभ उठाएं।