बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने अपराधियों और चाकूबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रात्रि में संवेदनशील इलाकों में सरप्राइज चेकिंग की। गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा क्षेत्र में हुई चेकिंग के दौरान पुलिस ने 40-50 संदिग्ध व्यक्तियों और गुंडा-बदमाशों की जांच की। इस दौरान छह आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच चाकू बरामद हुए।

पुलिस ने हथियार रखने वाले विकास सिंह (32), प्रमोद कुर्मी (26), अनिकेत नेताम (24), लक्की नेताम (22), राम नायक (18) और रोहित तांडी (34) के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक अन्य गंभीर चोट के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित धुरी (36), निवासी बन्नाकडीह को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में गुण्डा-बदमाशों और चाकूबाजी करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नशाखोरी और अपराध के लिहाज से संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक चेकिंग की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।