बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नग स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ शहर के कई थानों में पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और अवैध रूप से चाकू रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि गश्त पर निकली थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तारबाहर के बंगला यार्ड पानी टंकी के पास एक युवक धारदार बटनदार चाकू लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ एवं तलाशी के दौरान युवक की पैंट की जेब से एक नग स्टील का धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी अरमान खान (20), निवासी रविदास चौक के पास करबला, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, प्रधान आरक्षक जय सिंह धुर्वे, आरक्षक महेन्द्र सोनकर, राजेश श्रीवास और नुरूल कादिर का सराहनीय योगदान रहा।