बिलासपुर। छोटी कोनी क्षेत्र में गणेश पंडाल के पास रास्ते को लेकर शनिवार शाम 2 पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। डंडे, ईंट-पत्थर और हाथ-मुक्के चलने से महिलाओं समेत 10 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संतोषी नेताम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अन्य महिलाओं के साथ ठाकुर देव मंदिर के पास बनाए गए गणेश पंडाल में खिचड़ी बना रही थीं। इसी दौरान रामविलास साहू, सुकृता साहू, गीता साहू समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और सड़क घेरकर पंडाल बनाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि इसके बाद मारपीट की गई। घटना में संतोषी समेत 7 महिलाओं को चोटें आई हैं। एक महिला का मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की सुकृता साहू ने पुलिस को बताया कि गणेश पंडाल का घेरा रास्ते में बना दिया गया था। रास्ता खाली करने के लिए कहने पर विवाद शुरू हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। इस पक्ष से सुकृता समेत 3 लोगों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और विवाद की वास्तविक वजह तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।