बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर चाकू और डंडे से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और डंडा भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पोंसरा निवासी आयुष रजक ने 27 सितंबर को कोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने साथी आकाश, आशीष रजक और बोड्डा के साथ बिरकोना से डीजे को माजदा वाहन में लोड कर गांव लौट रहा था।

जलसो के पास ग्राम जलसो निवासी पिंटू वर्मा अपने साथी दुर्गेश गोंड, राहुल वर्मा और राहुल गोंड के साथ मिलकर पूर्व रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। आरोपियों ने डीजे बजाने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर पिंटू वर्मा ने धारदार चाकू से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने डंडे और स्टिक से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट के बाद कोनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिंटू वर्मा (19), निवासी जलसो भूरीभाटा और दुर्गेश कुमार गोंड (20), निवासी जलसो भूरीभाटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू और डंडा जब्त किया है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जीतेन्द्र गुप्ता, सउनि राजेश धार, प्रधान आरक्षक दीवान, आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले और अजय सोनी की सराहनीय भूमिका रही।