
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के संपदा कैंपस में सोमवार रात स्कूटी सवार बदमाश ने टहल रही एसईसीएल की महिला कर्मचारी को निशाना बनाया। रास्ता पूछने के बहाने पास पहुंचे युवक ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन लूट ली। महिला ने विरोध किया तो बदमाश ने उसके साथ मारपीट भी की। झूमाझटकी में महिला के गले और शरीर पर चोटें आई हैं।
संपदा कैंपस निवासी सुमन सिंह एसईसीएल में कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह कैंपस में टहलने निकली थीं। आमतौर पर इस दौरान कई महिलाएं भी टहलती हैं, लेकिन उस दिन वह अकेली थीं। इसी बीच स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और बसंत के घर का पता पूछने लगा। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।
अचानक हुई इस घटना से सुमन सिंह घबरा गईं, लेकिन उन्होंने चेन बचाने के लिए बदमाश का विरोध किया। इस पर युवक ने उनके साथ मारपीट की और चेन लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कैंपस के साथ आसपास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है।