बिलासपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बिलासपुर जिला पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। उमनि/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहर सहित जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर नागरिकों की कलाई में “साइबर जागृति रक्षा सूत्र” बांधा और उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने का संकल्प दिलाया।

यह अभियान जिले के 17 थानों और 4 चौकियों सहित यातायात थाना एवं महिला थाना समेत सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन पर्व के पूर्व दो दिनों में जिले में करीब 1 लाख 85 हजार नागरिकों को साइबर जागृति रक्षा सूत्र बांधा जा चुका है। रक्षाबंधन के दिन भी यह अभियान जारी रहेगा।

राखी के धागे के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश

पुलिस ने नागरिकों को बताया कि जिस प्रकार राखी सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी प्रकार साइबर जागृति रक्षा सूत्र डिजिटल दुनिया में सतर्कता और सुरक्षा का संकल्प दिलाता है। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।

नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर फोन करने, ऑनलाइन निवेश, सोशल मीडिया और फर्जी APK या एप्लीकेशन के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

एनसीसी कैडेट्स भी बने साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा

पुलिस के साथ एनसीसी के बच्चों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर अभियान में भागीदारी निभाई। एनसीसी कैडेट्स ने देवकीनंदन चौक और सत्यम चौक पर पुलिस के साथ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया और रक्षा सूत्र बांधे।

ओटीपी, पिन और बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध APK अथवा एप्लीकेशन डाउनलोड या इंस्टॉल करने से भी बचें।

साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और अपने बैंक को भी तुरंत सूचित करने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

ऑनलाइन क्विज के जरिए भी साइबर जागरूकता

जिला पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा है। इसमें भाग लेने वाले नागरिकों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया जा रहा है। पुलिस ने अधिक से अधिक लोगों से ऑनलाइन क्विज में भाग लेने की अपील की है।

इसके अलावा नागरिकों को साइबर जागरूकता अभियान के साथ सेल्फी लेने के लिए भी प्रतिदिन प्रोत्साहित किया जा रहा है।

जिला पुलिस बिलासपुर ने नागरिकों से स्वयं साइबर जागरूक बनने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।

“साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र—सुरक्षित डिजिटल जीवन का संकल्प।”

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

बिलासपुर पुलिस