बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के सुंदरूबाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लाठी, लोहे के पाइप, रॉड और चैन-स्पॉकेट से हमला किया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 3 लोहे के पाइप सहित अन्य सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे राकेश राजपूत को सूचना मिली कि उनके बेटे संजय राजपूत के साथ सुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर के पास कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। पुरानी रंजिश को लेकर किए गए हमले में संजय राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे राजा ठाकुर को भी चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए वेगस अस्पताल रेफर किया गया।

मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साहिल केंवट उर्फ दाऊ (18), पंकज पासी उर्फ किट्टू (20) और साहिल लास्कर (19), सभी निवासी चिंगराजपारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और विवेचना के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर तीनों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 3 स्टीलनुमा लोहे के पाइप और अन्य आलाजरब जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूर्व रंजिश और बदले की भावना से एक राय होकर हमला किया था। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।