बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार जंगल में युवक की हत्या कर शव छिपाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पुराने विवाद को लेकर युवक पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने और शव को जंगल में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक के पास पुराने विवाद को लेकर सुनील निर्मलकर उर्फ टाइगर (28), घनंजय धुरी उर्फ आदि (20) और उनके अन्य साथियों ने ओमप्रकाश लहरे पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले में ओमप्रकाश की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में फेंक दिया।

28 सितंबर को मर्ग जांच के दौरान पुलिस और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूछताछ और जांच में हत्या की जानकारी सामने आने के बाद सिरगिट्टी थाने में मामला दर्ज किया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुनील निर्मलकर और घनंजय धुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।