रावण दहन के बाद स्कूल परिसर में हुआ विवाद, सिर, गले और हाथ में आई चोटें
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम लावर-भोथीडीह में रावण दहन के बाद पुरानी रंजिश को लेकर एक किशोर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चूड़ा और डंडा जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच ग्राम लावर-भोथीडीह के मिडिल स्कूल परिसर में हुई। करीब 2 माह पहले एक लड़की के साथ पकड़े जाने की घटना को लेकर किशोर भानू कैवर्त (17) और आरोपी अरुण कुमार खुटे उर्फ गुड्डू के बीच विवाद हुआ था। किशोर ने अरुण को उस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए किशोर पर हमला कर दिया। आरोप है कि अरुण खुटे, संजीत कारके, संजू उर्फ शुभम यादव, सिद्धार्थ कारके और संजू कारके ने चूड़ा और डंडे से किशोर के सिर, गले और हाथ पर वार किए। हमले में किशोर के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि गले और हाथ में भी चोटें लगीं।
पीड़ित की रिपोर्ट पर मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त चूड़ा व डंडा जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार खुटे उर्फ गुड्डू (21), संजीत कारके (27), संजू कारके (22), सिद्धार्थ उर्फ चिंटू कारके (26) और संजू उर्फ शुभम यादव (26) शामिल हैं। सभी ग्राम लावर, थाना मस्तूरी के निवासी हैं।