बिलासपुर। कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को गला काटकर मारने की धमकी देते हुए चाकू से 3-4 वार किए। हमले के दौरान युवक ने हाथ से वार रोककर अपनी जान बचाई। एक अन्य आरोपी ने डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी का कोमल साहू और नितेश साहू के साथ करीब एक साल से पुरानी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 26 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे प्रार्थी अपनी पिकअप गाड़ी बनवाने शिव वेल्डिंग दुकान गया था। इसी दौरान कोमल साहू, नितेश साहू और गिरिजा शंकर दुबे वहां पहुंचे। नितेश ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जिसके बाद कोमल ने गला काटकर मारने की धमकी देते हुए उस पर चाकू से 3-4 वार किए। गिरिजा शंकर दुबे ने लकड़ी के डंडे से उसकी पीठ और भुजा पर हमला किया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोटा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने मामले में कोमल साहू (22), नितेश साहू (26) और देवेंद्र साहू (21), तीनों निवासी डोंगरीपारा, कोटा तथा गिरिजा शंकर दुबे (32), निवासी पड़ावपारा, कोटा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, लकड़ी का डंडा और घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BQ 7102 जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सोम कुमार उइके, जलेश्वर साहू और मोहन सिंह ध्रुव की भूमिका रही।