हिर्री पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक ग्रामीण को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने और चाकू लेकर मारने के लिए दौड़ाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर हिर्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार मरावी (48) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे ग्राम बोड़सरा में रामफल कौशिक के घर के पास हुई। आरोप है कि गांव के संतोष कुमार मरावी ने पुरानी रंजिश को लेकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में चाकू लेकर मारपीट करने के लिए दौड़ाया। मामले में 23 अक्टूबर को शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर घेराबंदी की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, पीएसआई उषा निषाद, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत और आरक्षक जितेन्द्र कुमार जगत का योगदान रहा।