बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों के एक समूह ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को घेरकर बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप, रॉड और धारदार हथियारों से जमकर मारपीट की। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर पर कुल 55 टांके लगे हैं, जबकि एक युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम कुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर निवासी संजय राजपूत अपने परिचित राजा ठाकुर और लिल्ले के साथ गया था। इसी दौरान आदि, किड्ड, कैलाश और उनके अन्य साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने दोनों युवकों पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप, रॉड और धारदार हथियारों से वार किए।

हमले के दौरान लिल्ले किसी तरह मौके से भाग निकला, जबकि संजय राजपूत और राजा ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से दोनों को उपचार के लिए पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक संजय के सिर में गंभीर चोट आई है और उसके सिर पर 25 टांके लगाए गए हैं, जबकि राजा ठाकुर के सिर पर 30 टांके लगे हैं। संजय के हाथ और पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों द्वारा हमला किए जाने की बात सामने आ रही है।

पूर्व शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप

घटना के बाद घायल युवकों के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि विवाद को लेकर पूर्व में भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पहले शिकायत पर कार्रवाई होती तो यह गंभीर घटना टल सकती थी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एफआईआर दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और वायरल वीडियो के आधार पर हमले में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है। शुक्रवार रात तक मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल युवकों की संख्या 10 से कम बताई जा रही है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।