सरकंडा के कपिल नगर में हादसा, दूसरा मजदूर गंभीर; परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप

बिलासपुर। सरकंडा के कपिल नगर में पुराने मकान का छज्जा तोड़ने के दौरान ऊंचाई से गिरकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। दूसरे मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी नरेंद्र साहू (38) मंगलवार को अपने साथी मजदूर पंकज यादव के साथ कपिल नगर निवासी गीता यादव के मकान का पुराना छज्जा तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों मजदूर ऊंचाई से सीधे जमीन पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों मजदूरों को खून से लथपथ हालत में तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण नरेंद्र साहू की जान नहीं बचाई जा सकी। दूसरे मजदूर पंकज यादव का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी में रखवा दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छज्जा तोड़ने के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और सुरक्षित मचान जैसी व्यवस्थाएं की गई थीं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों और मकान मालिक से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।