बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल एवं गुलदस्ता फाउंडेशन की ओर से शहर के पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विशेष पहल की गई। संस्था की टीम ने विभिन्न थानों में पहुंचकर पुलिसकर्मियों को अक्षत-तिलक लगाया, उनकी कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

अभियान के तहत तारबाहर थाना पहुंचकर टीआई रवि शंकर तिवारी एवं पुलिस टीम, सिविल लाइन थाना में टीआई मनोज सिंह एवं टीम, सिटी कोतवाली में टीआई दिनेश राठौर एवं टीम तथा सरकंडा थाना में प्रदीप आर्य एवं पुलिस टीम को राखी बांधी गई। इस दौरान गौतम शुक्ला, धुर्वे, भरत राठौर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की कलाई पर भी रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी राखी बांधी गई। संस्था की सदस्यों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात शहर की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के अवसर पर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना इस पहल का उद्देश्य है।

वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला

लायंस क्लब बिलासपुर स्माइल एवं गुलदस्ता फाउंडेशन की ओर से यह सेवा कार्य पिछले कई वर्षों से किया जा रहा है। संस्था द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर रक्षा सूत्र बांधने के साथ ही देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए भी राखियां भेजी जाती हैं।

इस अवसर पर लायंस क्लब एवं गुलदस्ता फाउंडेशन की फाउंडर एवं अध्यक्ष रीता राजगीर, फाउंडेशन की सचिव संगीता लांजेवर, गीता प्रजापति और दृष्टि निर्मलकर उपस्थित रहीं। संस्था की ओर से कहा गया कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, सम्मान और विश्वास का भी संदेश देती है। पुलिसकर्मियों की कलाई पर बांधा गया यह रक्षा सूत्र उनके प्रति समाज की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है।