IG रामगोपाल गर्ग ने शहीदों की नामावली का किया वाचन, पुलिस और सुरक्षा बलों के बलिदान को किया नमन

बिलासपुर। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को सकरी स्थित द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के परेड ग्राउंड में शहीद पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी गई। देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को याद किया गया। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में शहीद हुए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की नामावली का वाचन किया। इसके बाद वीर जवानों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह में बिलासपुर और मुंगेली जिला पुलिस बल, द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नगर सेना बिलासपुर और जिला जेल बिलासपुर के पुलिस बैंड प्लाटूनों ने परेड में हिस्सा लिया। अनुशासित परेड के माध्यम से शहीद जवानों को सलामी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक गर्ग ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, मुंगेली के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, द्वितीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सेनानी प्रतिभा पाण्डेय सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएस ठाकुर, एचआर मनहर और टी. एक्का, सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक सीडी टंडन, जिला सेनानी दीपांकुरनाथ सैमुअल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने देश की सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा के लिए शहीदों के योगदान को नमन किया।