बिलासपुर। मंगल वार्ड क्रमांक 13 स्थित पटवारी तालाब में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव दिखाई देने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ मृतक के हुलिए के आधार पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इन दिनों शहर में भगवान गणेश और भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विसर्जन चल रहा है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि विसर्जन के दौरान किसी हादसे में व्यक्ति तालाब में डूब गया होगा। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्थिति मृतक की पहचान होने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच में जुटी है।