बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के बहतराई अटल चौक के पास पत्नी से गाली-गलौज का विरोध करना युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने दंपती को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने चाकू से उसके पेट पर दो वार कर दिए।

बहतराई निवासी उत्तम निषाद (25) ने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे वह अपनी पत्नी नंदनी कैवर्त के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इससे पहले पत्नी ने उसे बताया था कि दीपक ठाकुर और कालू उसे गालियां दे रहे हैं। रास्ते में उत्तम ने दोनों युवकों से गाली देने का कारण पूछा।

आरोप है कि इस पर दोनों ने उत्तम को जान से मारने की धमकी दी। दीपक ठाकुर ने उसे पकड़ लिया और कालू ने चाकू से उसके पेट पर दो वार कर दिए। घटना के बाद उत्तम ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।