घटना के बाद से चल रहा था फरार, कोरबा के घंटाघर से पकड़कर लाई सीपत पुलिस

बिलासपुर। पत्नी और रितिक कश्यप के बीच अवैध संबंध होने के शक में युवक पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सीपत पुलिस ने फरार आरोपी रमाशंकर सिदार (45) को कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मुड़पार भाठापारा निवासी समीर कुर्मी (19) ने 1 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 8 बजे रमाशंकर सिदार ने उसके भाई रितिक कश्यप उर्फ करन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने रितिक के पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास वार कर उसे घायल कर दिया था। शिकायत पर सीपत थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के बाद से आरोपी फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीपत पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीम गठित की थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कोरबा के घंटाघर इलाके में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और घेराबंदी कर रमाशंकर सिदार को पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेकर सीपत थाना लाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी और रितिक कश्यप के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह रितिक से दुश्मनी रखता था और उसे मारने का मौका तलाश रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपी ने 1 सितंबर को रितिक पर बटनदार चाकू से हमला किया था। पुलिस ने चाकू बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में सीपत पुलिस ने की।