सरकंडा के अशोक नगर की घटना, पांच महीने पहले हुई थी शादी; पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

बिलासपुर। सरकंडा के अशोक नगर में शुक्रवार को पति के काम पर जाने की बात से नाराज 20 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी पांच महीने पहले ही हुई थी। घटना के समय पति फरहान खान ऑटोमोबाइल शोरूम में काम करने गया था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो रोजी फंदे पर लटकी मिली। उसे फंदे से उतारकर मार्क हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, फरहान शुक्रवार सुबह शोरूम जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी रोजी ने उससे छुट्टी लेकर घर पर रुकने की जिद की। फरहान ने काम का हवाला देते हुए उसकी बात नहीं मानी और करीब 10 बजे ड्यूटी के लिए निकल गया। उसके जाने के बाद रोजी ने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया और पंखे के सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

गुरुवार रात ही लूतरा शरीफ से लौटे थे

परिजनों के अनुसार रोजी मूल रूप से पेंड्रा की रहने वाली थी। गुरुवार रात ही वह पति के साथ लूतरा शरीफ में आयोजित शादी समारोह से लौटकर आई थी। पुलिस अब पति और मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज करेगी।

टीआई प्रदीप आर्य ने बताया कि शादी को पांच महीने ही हुए हैं। इसलिए कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में मायके पक्ष के सामने शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मर्ग डायरी दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।