पेण्ड्रा। मध्य प्रदेश के शहडोल निवासी एक व्यक्ति पर पेण्ड्रा की 35 वर्षीय महिला को कथित तौर पर तीन तलाक देकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पेण्ड्रा पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना शहडोल की होने के कारण केस आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने को भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पेण्ड्रा निवासी शबनम बी का विवाह 26 अप्रैल 2010 को शहडोल निवासी समीर खान से हुआ था। दोनों की एक बेटी है। महिला ने शिकायत में बताया कि 9 अगस्त 2026 को शहडोल स्थित ससुराल में पति ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने तीन बार ‘तलाक’ कहकर वैवाहिक संबंध खत्म करने की बात कही और उसे घर से निकाल दिया। इस दौरान पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया।

घटना के बाद महिला अपने मायके पेण्ड्रा आ गई। परिजनों की सलाह पर उसके जीजा ने जब आरोपी पति से फोन पर बात की तो उसने तीन तलाक देने की बात स्वीकार की। बातचीत की वॉइस रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी गई है।

पीड़िता की शिकायत पर पेण्ड्रा पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की धारा 4 तथा बीएनएस की धारा 296 और 351(3) के तहत शून्य पर मामला दर्ज किया है। चूंकि घटना शहडोल में हुई है, इसलिए केस संबंधित थाने को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।