गनियारी के वर्मा मोहल्ले में घटना, पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर/कोटा। दीपावली पर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद पथराव और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित वर्मा मोहल्ले में एक बच्चे के पैर पर पत्थर मारकर उसे घायल करने और महिला की कार का पिछला शीशा तोड़ने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे की है। मनीषा वर्मा ने गली में विवाद की आवाज सुनकर बाहर देखा तो उनका बेटा सम्मीत वर्मा घर के सामने पटाखे फोड़ रहा था। आरोप है कि इसी बात पर मोहल्ले के राजपाल वर्मा और उसकी पत्नी आशा वर्मा ने बच्चे को पटाखे फोड़ने से मना करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर फेंके गए। एक पत्थर बच्चे के दाहिने पैर में लगा, जिससे वह घायल हो गया और खून निकलने लगा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पथराव के दौरान मनीषा वर्मा की कार क्रमांक CG 11 AS 8030 का पिछला शीशा तोड़ दिया गया। घटना के संबंध में सुनीता वर्मा और ललिता वर्मा के गवाह होने की बात भी शिकायत में कही गई है।
कोटा पुलिस ने राजपाल वर्मा और आशा वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।