
धूल से बचाव के लिए रोजाना तीन बार पानी छिड़कने के निर्देश, सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
बिलासपुर। दीपावली के मद्देनजर रिवर व्यू रोड पर लगाए गए पटाखा बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों में सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया और दुकानदारों से आवश्यक जानकारी ली। कमिश्नर ने बाजार में संचालित सभी 135 दुकानों के लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियों की नियमित जांच करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित अनुमति के किसी भी दुकान का संचालन नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने दुकानदारों से कहा कि पटाखा बाजार में आगजनी की आशंका को देखते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दुकानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धूल से बचाव के लिए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव
पटाखा बाजार परिसर में धूल उड़ने की समस्या को देखते हुए कमिश्नर ने साफ-सफाई और नागरिकों की सुविधा पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाजार परिसर में प्रतिदिन तीन बार पानी का छिड़काव कराने को कहा, ताकि धूल से दुकानदारों और पटाखे खरीदने आने वाले लोगों को परेशानी न हो। निगम अधिकारियों को बाजार में नियमित निगरानी रखने और व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।