अरपा-भैंसाझार बैराज से पानी छोड़ने के कारण बढ़ सकता है जलस्तर और बहाव, विसर्जन के दौरान नदी से दूर रहने की अपील
बिलासपुर। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और प्रतिमा विसर्जन का रूट भी निर्धारित कर दिया गया है। वहीं, अरपा नदी में पानी की कमी को देखते हुए अरपा-भैंसाझार बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नदी के जलस्तर और बहाव में अचानक वृद्धि होने की आशंका है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार, बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण नदी में बहाव तेज हो सकता है और जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में नदी के किनारे या पानी के नजदीक खड़े होना दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करने और नदी के बहाव क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पानी के नजदीक या असुरक्षित स्थानों पर खड़े होकर प्रतिमा विसर्जन न करें। बच्चों को नदी के पानी और किनारों से दूर रखें तथा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।