कोदू चौक मैदान में पुलिस की दबिश, 156 पत्ती ताश और 13,660 रुपए जब्त

बिलासपुर। शहर में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने करबला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोदू चौक मैदान में पीपल के पेड़ के नीचे स्ट्रीट लाइट की रोशनी में तीन अलग-अलग फड़ लगाकर ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से 156 पत्ती ताश और कुल 13,360 रुपए नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जुआ, सट्टा और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करबला रोड स्थित कोदू चौक मैदान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर तीन फड़ में 11 लोग रुपए-पैसों का दांव लगाते मिले।

पहले फड़ से दिनेश प्रजापति, प्रहलाद प्रजापति, हीरा सारथी और जय सारथी को पकड़ा गया। इनके पास से 52 पत्ती ताश और 6,220 रुपए मिले। दूसरे फड़ से सद्दाम हुसैन, राहुल यादव, रामचंद प्रजापति और ऋषि सारथी पकड़े गए। इनके कब्जे से 52 पत्ती ताश और 4,100 रुपए जब्त किए गए। तीसरे फड़ से गणेश सोनी, अरमान हसन और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 52 पत्ती ताश और 3,040 रुपए मिले।

पुलिस ने तीनों मामलों में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई।