बिलासपुर। अवैध हथियार रखकर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को डराने-धमकाने वाले बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आम रास्ते पर धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लोहे की तलवार और लोहे का फरसा जब्त किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध हथियार रखने तथा हथियारों के बल पर लोगों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस द्वारा सिविल टीम गठित कर मुखबिरों के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान 2 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शनिचरी बाजार बिल्हा में आयुष मिश्रा हाथ में लोहे की तलवार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। वहीं वार्ड क्रमांक 3 बिल्हा निवासी संजू यादव भी हाथ में लोहे का फरसा लेकर सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक लोहे की तलवार और एक लोहे का फरसा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 453/2026 और 454/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष मिश्रा (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 3 बिल्हा तथा संजू यादव (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 3 बिल्हा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों में से आरोपी आयुष मिश्रा पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और आदतन बदमाश बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक 786 अनिल बंजारे, पीएसआई रोशनी ध्रुव, आरक्षक 1390 संतोष मरकाम और आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बिल्हा पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन कर आम लोगों में भय पैदा करने और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।