बिलासपुर। अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कबाड़ियों के कब्जे से करीब 310 किलो लोहे का कबाड़ बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 35(1)(1-4) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध कबाड़ के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
3 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैसबोड़ फाटक के पास दो व्यक्ति साइकिल रिक्शे में कबाड़ का सामान लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां दो व्यक्ति अपने-अपने साइकिल रिक्शे में लोहे का कबाड़ लेकर मिले।
पूछताछ में उनकी पहचान भानु प्रताप चतुर्वेदी (29), निवासी मिनीबस्ती, थाना सिविल लाइन और मुकेश दास मानिकपुरी (29), निवासी बोडसरा, थाना हिर्री के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान भानु प्रताप के रिक्शे से करीब 150 किलो लोहे की छड़, टीना और अन्य कबाड़ तथा मुकेश दास के रिक्शे से करीब 160 किलो लोहे की छड़, टीना व अन्य कबाड़ बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 310 किलो कबाड़ जब्त किया है। प्रेस विज्ञप्ति में जप्त सामग्री की कुल कीमत 72 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी का सामान खरीदने में संलिप्त बताए जा रहे हैं। मामले में दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई मंजुला साहू, रोशनी ध्रुव, प्रधान आरक्षक अमर चन्द्रा, अनिल बंजारे तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।