बिलासपुर रेंज के आठ जिलों में चला विशेष अभियान, बिलासपुर-मुंगेली सहित चार जिलों का प्रदर्शन बेहतर, कोरबा और रायगढ़ रहे पीछे

बिलासपुर। न्यायालयों से फरार चल रहे वारंटियों की धरपकड़ के लिए बिलासपुर पुलिस रेंज में चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन बाज' के तहत एक महीने में 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। इस दौरान कई ऐसे वारंटी भी पुलिस के हाथ लगे, जो वर्षों से फरार चल रहे थे और पुलिस रिकॉर्ड में उनकी तलाश जारी थी। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर 8 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक रेंज के सभी आठ जिलों में यह अभियान चलाया गया।

दरअसल, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के जिलों में लंबित स्थाई वारंटों की समीक्षा के दौरान पाया था कि न्यायालयों से फरार आरोपियों के खिलाफ जारी बड़ी संख्या में स्थाई वारंट थानों में लंबित हैं। इनकी तामीली के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसके बाद उन्होंने एक महीने का विशेष अभियान शुरू कर सभी पुलिस अधीक्षकों को जिलेवार लक्ष्य निर्धारित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

अभियान के तहत लंबित वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश के बाहर रहने वाले वारंटियों जैसी अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया। आधुनिक तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी तलाश की गई। इसका परिणाम यह रहा कि एक महीने में 1081 स्थाई वारंटों की तामीली की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसे वारंटियों की मृत्यु होने की जानकारी भी मिली, जिनके संबंध में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए।

जिलेवार प्रदर्शन में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वारंटों की तामीली की। वहीं कोरबा और रायगढ़ का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। आईजी रामगोपाल गर्ग ने बेहतर काम करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है। वहीं कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को आगे सुधार लाने की हिदायत दी गई है।

आईजी ने स्पष्ट किया है कि वारंटियों की धरपकड़ के लिए समय-समय पर ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे। ऑपरेशन बाज की कार्रवाई से उन न्यायालयीन मामलों के निराकरण की उम्मीद बढ़ी है, जो लंबे समय से वारंटों की तामीली नहीं होने के कारण लंबित पड़े थे।