हत्या और विद्युत अधिनियम के मामलों में लंबे समय से फरार थे आरोपी, सूचना तंत्र की मदद से तलाश कर न्यायालय में किया पेश

बिलासपुर। फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने 5 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इनमें हत्या और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों के आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए छिप रहे थे। सूचना तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर उनकी तलाश कर कार्रवाई की गई। खास बात यह है कि बिल्हा पुलिस ने पिछले तीन सप्ताह के भीतर कुल 19 स्थायी वारंट तामील किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना स्तर पर टीम गठित कर वारंटियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सूचना तंत्र से पांच वारंटियों के ठिकानों की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उनकी पतासाजी कर उन्हें पकड़ लिया। सभी को 2 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।

पकड़े गए वारंटियों में परमेश्वर यादव (35), निवासी सारधा, थाना चकरभाठा; लक्ष्मीनारायण जोशी (22), निवासी बरतोरी, थाना बिल्हा; मिलन प्रसाद विश्वकर्मा (45), निवासी बिटकुली, थाना बिल्हा; नारायण राजपूत (20), निवासी उमरिया, थाना बिल्हा और संतोष डहरिया (32), निवासी दौना, थाना पथरिया, जिला मुंगेली शामिल हैं।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अजय साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक योगिता साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश बंजारे, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे तथा आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन चंद्रवंशी, उपेंद्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े और प्रताप साहू की भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार स्थायी वारंटियों की तलाश और वारंट तामिली का अभियान आगे भी जारी रहेगा।