बिलासपुर। स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने 4 स्थायी वारंटियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया। ये आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने सूचना तंत्र के माध्यम से उनकी पतासाजी कर उन्हें पकड़ा। पिछले एक सप्ताह के भीतर बिल्हा पुलिस ने 10 स्थायी वारंट तामिल किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में जयंत भास्कर (32), निवासी निपनिया, संजू डहरिया (15), निवासी झाल, सूरज मरावी (20), निवासी खम्हारडीह और मंगलदास डहरिया (61), निवासी बरतोरी शामिल हैं। ये आरोपी नकबजनी, आबकारी और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों में अभियुक्त थे।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस ने टीम गठित कर फरार वारंटियों की तलाश की। सूचना मिलने पर पुलिस ने उनकी पतासाजी की और पकड़कर 18 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे तथा आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन चंद्रवंशी, उपेन्द्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े और प्रताप साहू का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि स्थायी वारंटियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।