बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिस कट को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर खुला रखा गया था, अब उसी रास्ते को दुर्गा पंडाल के लिए बांस-बल्लियां लगाकर बंद कर दिया गया है। इससे दयालबंद पुल की ओर से गांधी चौक और आसपास जाने वाले वाहन चालकों को अब करीब 1 से 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया और छोटे वाहनों के चालकों को हो रही है।

गांधी चौक से बसंत विहार चौक जाने वाले तिराहे को ट्रैफिक पुलिस पहले ही बंद कर चुकी है। इसके कारण दयालबंद पुल की ओर से आने वाले वाहन चालकों को लेफ्ट टर्न लेकर आगे जाना पड़ता है। करीब 500 मीटर आगे से दूसरी ओर लौटने के लिए एक कट खुला रखा गया था। यहां ट्रैफिक पुलिस ने दो ब्लिंकर भी लगाए थे। इससे वाहन चालकों को करीब 1 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन यातायात का दबाव नियंत्रित रहने में मदद मिल रही थी।

अब इसी कट पर दुर्गा पंडाल बनाने के लिए बांस-बल्लियां लगा दी गई हैं। इससे ब्लिंकर वाला वैकल्पिक रास्ता भी बंद हो गया है। दयालबंद पुल की ओर से आने वाले वाहन चालकों को अब आगे जगमल चौक तक जाकर वापस मुड़ना पड़ रहा है। वहीं गांधी चौक की ओर जाने वालों को भी करीब 2 किलोमीटर अतिरिक्त घूमना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी चौक से दयालबंद पुल की ओर मुड़ने वाला तिराहा पहले से ही यातायात के दबाव वाला है। ऐसे में वैकल्पिक कट को भी बंद कर दिए जाने से यहां जाम और परेशानी बढ़ने की आशंका है। लोगों का कहना है कि पंडाल के लिए रास्ता बंद करने से पहले यातायात व्यवस्था के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जाने चाहिए थे।


रास्ता बंद करने की जानकारी नहीं मिली

एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कहा कि उन्हें बांस-बल्लियां लगाकर रास्ता बंद किए जाने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वे तत्काल मौके पर स्थिति दिखवाएंगे।