बिलासपुर, 17 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के “उपभोक्ता जागरूकता अभियान” एवं “सेवा संकल्प अभियान” के तहत बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एक माह के कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।


दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर भाजपा जिला बिलासपुर के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, सराफा समाज के पदाधिकारी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मां भारती एवं भगवान विश्वकर्मा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजार्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।


छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घकालीन शासन एवं सेवा यात्रा, सुशासन, विकास, जनकल्याण और आधुनिक भारत के निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार रखे।


मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में हुए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम के दौरान सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडेय ने सदर बाजार एवं सराफा बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और ग्राहकों के लिए सुलभ सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। उन्होंने समस्या के समाधान की दिशा में ज्ञापन सौंपने की पहल की।


शाम 6 बजे विशेष संवाद कार्यक्रम


अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे मां भारती की आरती, वंदे मातरम का सामूहिक गायन तथा विशेष अतिथियों के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श आयोजित किया जाएगा।


इसी क्रम में आज CAIT बिलासपुर की टीम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुई। कार्यक्रम में CAIT अध्यक्ष हीरानंद जायसिंह, आशीष जायसवाल, परमजीत सिंह एवं सुरेंद्र अजवानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान देश की विकास यात्रा, आधुनिक भारत और विभिन्न समसामयिक विषयों पर संवाद हुआ।


कार्यक्रम में सराफा समाज से अजय सराफ, पंकज पारेख, राजेश शाह, जितेंद्र सोनी, सरज सोनी, रवि सलूजा, शशांक स्वर्णकार, प्रमोद वर्मा सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर आगामी एक माह तक चलने वाले सेवा, संवाद एवं जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।