बिलासपुर। पूरी रात जागकर ट्रक में चावल लोड कराने के बाद कार से अपने ट्रक के पीछे निकले बिहार के ट्रांसपोर्टर की सड़क हादसे में मौत हो गई। रतनपुर के ग्राम नेवसा में थकान के कारण कार चलाते समय उन्हें झपकी आ गई। इससे अनियंत्रित कार सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीने में गंभीर अंदरूनी चोट लगने से ट्रांसपोर्टर की मौके पर ही मौत हो गई।

बिहार के पटना निवासी शैलेष रंजन 27 अक्टूबर को चावल लेने अंबिकापुर आए थे। उन्होंने पूरी रात अपनी निगरानी में ट्रक में माल लोड कराया। बुधवार सुबह वे अपनी कार क्रमांक सीजी 10 एएन 3753 से ट्रक के पीछे-पीछे रवाना हुए। सुबह करीब 9 बजे रतनपुर के ग्राम नेवसा स्थित ऋषि फ्यूल स्टेशन के पास पहुंचते ही थकान के कारण उन्हें झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में उन्हें सीने में गंभीर चोट आई और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

भतीजे ने फोन किया तो ग्रामीण ने उठाया

हादसे की जानकारी परिजनों को एक फोन कॉल से मिली। मुंबई के अंधेरी वेस्ट निवासी मृतक के भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:28 बजे उसने अपने चाचा शैलेष रंजन के मोबाइल पर कॉल किया था। फोन किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठाया और बताया कि नेवसा के पास उनकी कार बिजली के खंभे से टकरा गई है और चालक की मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिजन रतनपुर पहुंचे। मरच्यूरी में शव की शिनाख्त करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई।