रेलवे फाटक के पास चार युवकों ने घेरकर की मारपीट, बाइक और जेब से 1 हजार रुपए छीनकर फरार; पुलिस को आरोपियों का सुराग
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र में बाइक सवारों से लूट और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पल्सर बाइक लूटने वाले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि बदमाशों ने एक और बाइक सवार को निशाना बना लिया। इस बार चार युवकों ने गतवा रेलवे फाटक के पास युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और उसकी बाइक के साथ जेब में रखे 1 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। लगातार हो रही वारदातों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्राम खुरदुर निवासी शिवम कुमार ध्रुव (23), पिता नरपत सिंह, मंगलवार रात अपने दोस्त के साथ दवनपुर गया था। वहां लक्ष्मी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बुधवार तड़के करीब 3 से 4 बजे वह घर लौट रहा था। इसी दौरान गतवा रेलवे फाटक के पास चार युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे वह घायल हो गया। बदमाश उसकी बाइक और जेब में रखे 1 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। किसी तरह वहां से निकलने के बाद शिवम अस्पताल पहुंचा और इलाज कराया। शाम को उसने कोटा थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मुताबिक पुलिस को आरोपियों के संबंध में सुराग मिला है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
पल्सर लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार, बाइक और स्कूटी बरामद
कोटा क्षेत्र में इससे पहले ग्राम गनियारी में तीन युवकों ने समडील निवासी दुर्गेश साहू को रोककर मारपीट की थी और उसकी पल्सर बाइक लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आजाद चौक मंगला निवासी अभय सूर्यवंशी, नंद कुमार केवट और नीरज सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
हालांकि, इस गिरफ्तारी के अगले ही दिन एक और लूट की घटना सामने आने से कोटा क्षेत्र में बदमाशों के हौसले और पुलिस की गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।