बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-6 पर चाकू दिखाकर यात्री से 5 हजार रुपए लूटने वाले 4 आरोपियों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। वारदात 11 अक्टूबर को हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मरवाही निवासी रोहित रैदास (20) महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जाने के लिए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म-6 के रायपुर छोर की ओर जाने पर 4 बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे डराया और पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में 5 हजार रुपए नकद रखे थे।

पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी थाना बिलासपुर में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने गजरा चौक जाने वाले फुट ओवरब्रिज के पास चारों संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश सोनकर उर्फ नाटे (19), राज कोसले उर्फ डैनी (20), राजा कोसले (24) और मछली देवांगन (30) के रूप में हुई है। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।