बिलासपुर। मुंगेली नाका में बुधवार को फुटपाथ से सब्जी की दुकानें हटाने पहुंची नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया। कार्रवाई के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब एक महिला सब्जी विक्रेता ने निगमकर्मी की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम मुंगेली नाका क्षेत्र में सड़क किनारे फुटपाथ पर लगने वाली सब्जी की दुकानों को हटाने पहुंची थी। निगम कर्मचारियों ने विक्रेताओं को दुकानें और सामान पीछे करने के लिए कहा। निगमकर्मियों के मुताबिक, एक विक्रेता द्वारा सामान नहीं हटाने पर टीम ने उसका तराजू जब्त कर लिया।

इससे नाराज महिला सब्जी विक्रेता निगम की कार्रवाई का विरोध करने लगी और वाहन पर चढ़कर हंगामा करने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान महिला ने एक निगमकर्मी की चप्पल से पिटाई कर दी।

महिला ने लगाया धक्का देने और गाली-गलौज का आरोप

महिला सब्जी विक्रेता का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान निगमकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और धक्का दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई। वहीं निगमकर्मियों का कहना है कि फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए विवाद किया।

घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हंगामे के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच निगम की कार्रवाई और मौके पर हुए विवाद को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

नगर निगम द्वारा सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इस तरह के विवादों से कार्रवाई के दौरान निगम अमले की सुरक्षा और दुकानदारों के साथ समन्वय को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।