बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में खेत की फसल चरने की मामूली बात को लेकर एक व्यक्ति को कथित रूप से जबरदस्ती कीटनाशक पिलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।


पुलिस के अनुसार, घटना 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7:45 बजे ग्राम मुरू-खरकेना मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान राजू निर्मलकर (58), निवासी पथराली, थाना हिर्री के रूप में हुई है। मामले की शुरुआत मर्ग क्रमांक 35/26 की जांच से हुई। मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी शीला निर्मलकर के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और पंचनामा कार्रवाई के आधार पर पुलिस को हत्या का संदेह हुआ।


जांच में सामने आया कि खेत की फसल चरने की बात को लेकर आरोपियों का मृतक से विवाद हुआ था। आरोप है कि आरोपियों ने मृतक को पकड़कर उसके मुंह में जबरन कीटनाशक दवा डाल दी, जिससे उसकी मौत हो गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।


पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोलू उर्फ जगजीवन पठारी के मेमोरण्डम कथन में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक को कीटनाशक पिलाने तथा कीटनाशक की डिब्बी को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी।


मामले में पुलिस ने गोलू उर्फ जगजीवन पठारी (31), मनमोहन पठारी (30), संदीप यादव (21) और राकेश निर्मलकर (26) को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में की गई।